मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि देश के कई राज्यों में शीतलहर चलेगी तो कईयों में बारिश होगी। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हवा की दिशा सोमवार तक उत्तर पश्चिम होने की वजह से न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज हो सकती है। पश्चिम और उत्तरपश्चिमी हवाएं बर्फीले हिमालय से मैदानी इलाकों में बहती है। आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों में आंशिक से मध्यम कोहरा भी छाए रहने की संभावना है।

आइएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से शीतलहर चलने और बारिश की संभावना जताई गई थी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर आंशिक रहने से इसका असर सीमित रहा। इससे उत्तर प्रदेश में असर नहीं दिखाई पड़ा। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से शीतलहर चलने में कुछ वक्त लग सकता है, पर बर्फ के पिघलते ही इधर शीतलहर अपना रंग दिखाने लगेगी।

चक्रवात बुरेवी (Burevi) कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर मन्‍नार की खाड़ी में चला गया है। हालांकि इसके कारण तमिलनाडु (Tamil Nadu) में 7 लोगों की मौत भी हुई है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक इन राज्‍यों के कुछ इलाकों में तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है।