हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने आज विधानसभा में कहा कि हॉकी टीम के इस शानदार प्रदर्शन से हिमाचल का भी मान बढ़ा है। हॉकी टीम के खिलाड़ी वरूण कुमार हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के डल्हौजी के मूल निवासी हैं। 

हिमाचल सरकार वरूण कुमार को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान करेगी। इसके साथ ही वरूण कुमार को पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर नियुक्त किया जाएगी। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री ने हॉकी टीम में शामिल वरूण कुमार को पुरस्कार के रूप में 75 लाख रुपये देने का ऐलान किया था। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक देश की झोली में आया है। वर्तमान में उनका परिवार आजीविका अर्जन के लिए पंजाब के जालंधर में रह रहा है। 

मुख्यमंत्री ने वरूण कुमार को उनकी योग्यता के अनुसार पुलिस विभाग में डीएसपी की नौकरी देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने की इनाम राशि में बदलाव किया गया है। कांस्य पदक लाने वाले खिलाड़ी के लिए 50 लाख रूपये के नकद पुरस्कार को बढ़ाकर एक करोड़ रूपये कर दिया गया है। डल्हौजी की विधायक आशा कुमारी ने वरूण कुमार को एक करोड़ के नकद पुरस्कार और उप पुलिस अधीक्षक की नौकरी की घोषणा पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 

उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि वरूण कुमार गद्दी समुदाय से संबंध रखते हैं और वो विश्व जुनियर हाकी चैंपियनशिप जीतने वाली टीम में मैन आफ द मैच का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। खेल मंत्री राकेश पठानिया ने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाकी खेल को त्वज्जो देने के लिए कांगड़ा जिला में एक हाकी अकादमी को खोलकर वरूण कुमार की सेवाएं ली जाएंगी।