अपडेट—

हिमाचल में कांग्रेस ने पार किया बहुमत का आंकड़ा। 

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश इलेक्शन रिजल्ट 2022 के लिए मतगणना आज हो रही है। पूरे राज्य में 59 स्थानों पर बने 68 केंद्रों में मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू है। सबसे पहले सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्रों) की गिनती होगी और उसके बाद 8:30 बजे ईवीएम के वोटों की गिनती की जाएगी। राज्य में सभी 68 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को हुए चुनाव में करीब 76.44 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जिसमें 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्तम ईवीएम में कैद हो गई थी।

ये भी पढ़ेंः FIFA World Cup 2022: पुर्तगाल ने स्विट्जरलैंड को 6-1 से रौंदकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई

Himachal Pradesh Election 2022 Result की मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चम्बा में 2, कांगड़ा में 13, लाहौल स्पीति और किन्नौर में एक-एक, कुल्लू में 4, मंडी में 10, हमीरपुर में 5, ऊना और बिलासपुर में तीन-तीन, सोलन में 4, सिरमौर में 5 और शिमला में 8 मतगणना स्थल बनाए गए हैं। मतगणना के 10 से 18 राउंड होंगे।

राज्य में इस बार भी परम्परागत रूप से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच ही कड़ा मुकाबला है। एग्जिट पोल में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर की आशंका को देखते हुए दोनों ही दलों की नजरें अब बहुमत न जुटा पाने की स्थिति में निर्दलीय प्रत्याशियों पर टिक गई हैं। टिकट कटने से भाजपा से 21 और कांग्रेस से छह बागियों ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा है। सर्वे चुनाव परिणाम स्पष्ट नहीं आने से उम्मीदवारों की दिलों की धड़कनें बढ़ गई हैं। इनमें कई बड़े नेताओं की प्रतष्ठिा दांव पर लगी है। देखना है कि राज्य में चुनाव परिणामों से राज बदलेगा या रिवाज बदलेगा। चुनावी दंगल में भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी (आप), मार्क्सवादी कम्युनस्टि पार्टी (माकपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और अनेक निर्दलीय उतरे थे। इनमें 388 पुरुष और 24 महिला उम्मीदवार हैं।

ये भी पढ़ेंः चौंकिए मतः अगर इस क्लब से जुड़ जाते हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो तो मिलेंगे 17,33,5500000 रुपए

इस बार के विधानसभा चुनाव में 76.6 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके इतिहास रच दिया था। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने राज्य में इस बार 80 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा था। इससे पहले वर्ष 2017 में 75.57 प्रतिशत, 2007 में 71.61 प्रतिशत और 2012 में 72.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। हिमाचल में वर्तमान में भाजपा की सरकार है। वर्ष 2017 के चुनावों में भाजपा को 44, कांग्रेस को 21 सीटें मिलीं थीं। दो सीटों पर निर्दलीय और एक सीट पर माकपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी।