/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/03/08/01-1615182808.jpg)
ब्रिटेन के शाही परिवार से अलग होने का ऐलान कर चुके प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने बीती रात दिए एक इंटरव्यू में शाही परिवार को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। हैरी और मेगन ने इस दौरान शाही परिवार और उसने जुड़े विवादों को लेकर भी खुलकर बात की है।
मेगन ने आरोप लगाया कि उन्हें शाही महल में उनके रंग के कारण नस्लभेदी टिप्पणियां सुननी पड़ीं। इतना ही नहीं मेगन का आरोप है कि शाही परिवार उनके बेटे के रंग को लेकर काफी चिंता में था। शाही परिवार उनके बेटे आर्ची को प्रिंस नहीं बनाना चाहता था, क्योंकि उसके जन्म से पहले उन्हें डर था कि कहीं उसका रंग काला न हो। हॉलीवुड स्टार ओप्रा विन्फ्रे के साथ बातचीत में हैरी और मेगन ने बताया कि आर्ची के जन्म से पहले शाही परिवार ने हैरी से इस बारे में चर्चा की थी, जो उनके लिए काफी दर्दनाक था।
मेगन मर्केल का कहना है कि शाही परिवार के इस बर्ताव से वे बेहद तनाव में थीं और गर्भावस्था के पांचवें माह में उन्हें आत्महत्या करने के विचार आते थे। अपने रंग के कारण हुए इस भेदभाव के कारण वे जीना नहीं चाहती थीं। उन्होंने बताया कि प्रिंस हैरी के साथ शादी से पहले प्रिंस विलियम्स की पत्नी केट मिडलेटन ने उन्हें रुला दिया था। मेगन के मुताबिक, हैरी और उनकी शादी से पहले केट किसी बात को लेकर बेहद खफा थीं।
इंटरव्यू में हैरी ने कहा कि अगर प्रिंसेस डायना आज होतीं, तो शाही परिवार में जो हुआ उससे काफी खफा होतीं। उन्होंने बताया कि मेगन जल्द ही बेटी को जन्म देने जा रही हैं। इंटरव्यू में मेगन ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी गलती यही थी कि उन्होंने शाही परिवार पर विश्वास किया। शाही परिवार ने वादा किया था कि उन्हें हमेशा सुरक्षित रखा जाएगा, लेकिन ऐसा कभी नहीं हो सका।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |