/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/08/11/salary-1628665414.jpg)
गूगल ने अपना नया WFH फॉर्मूला निकाला है जिसके तहत दूरदराज-सस्ते इलाकों में रहने वाले कर्मचारियों को कम सैलरी दी जाएगी। इसी के साथ ही कंपनी ने परमानेंट वर्क फ्रॉम होम (wfh) यानी स्थायी रूप से घर से काम करने का विकल्प अपनाने वाले कर्मचारियों की सैलरी में लोकेशन के हिसाब से कटौती कर दी है। इस तरह एक ही दफ्तर में काम करने वाले कंपनी के कर्मचारियों के वेतन में काफी वैरिएशन हो सकता है।
कंपनी ने अलग-अलग दूरी और इलाके में रहने वाले कर्मचारियों के मुताबिक एक पे कैलकुलेटर तय किया है। यह एक ऐसा फैसला है जिसका अनुसरण अमेरिका के आईटी सेक्टर के हब सिलिकॉन वैली की दूसरी कंपनियां भी कर सकती हैं। कुछ कंपनियों ने तो इसे अपनाना शुरू कर दिया है।
फेसबुक और ट्विटर ने भी रिमोट या सस्ते इलाकों में रहने वाले कर्मचारियों की सैलरी में कटौती की है। इसी तरह Reddit और Zillow जैसी छोटी कंपनियों ने भी लोकेशन आधारित पे मॉडल का चुनाव किया है। Alphabet Inc के गूगल ने कर्मचारियों को एक कैलकुलेटर दिया है जिसके आधार पर वे पता लगा सकते हैं कि उनके वेतन पर कितना असर होगा। इससे दूरदराज के इलाकों में रहने वाले कर्मचारियों की सैलरी में कटौती हो गई है, जो काफी दूर से आते हैं।
गूगल के एक प्रवक्ता ने कहा, 'हमारा वेतन पैकेज हमेशा लोकेशन पर आधारित रहा है और हम उस स्थानीय बाजार के हिसाब से भुगतान करते रहे हैं, जहां कर्मचारी काम करता है। इस तरह अलग-अलग शहर और देश के मुताबिक कर्मचारियों की सैलरी अलग-अलग होती है।'
उदाहरण के लिए गूगल के सिएटल ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी (जो कि पास की काउंटी से आता है) उसने फुल टाइम वर्क फ्रॉम होम का ऑप्शन लिया तो उसकी सैलरी में 10 फीसदी की कटौती की जा सकती है।
इसी तरह एक घंटे की ट्रेन यात्रा कर स्टैमफोर्ड से न्यूयॉर्क आने वाले कर्मचारी की सैलरी में 15 फीसदी की कटौती की जा सकती है, अगर वो स्थायी रूप से वर्क फ्रॉम होम का विकल्प अपनाता है। कई कर्मचारियों का तो कहना है कि लोकेशन के हिसाब से कुछ कर्मचारियों की सैलरी में 25 फीसदी तक की कटौती की जा सकती है।
कंपनी ने जून में ही यह वर्क लोकेशन टूल लॉन्च किया है। इसकी वजह से अब गूगल के कर्मचारी परमानेंट वर्क फ्रॉम होम विकल्प लेने से बच रहे हैं। कई कर्मचारी दो घंटे की यात्रा कर भी ऑफिस जाने को तैयार हैं। एक कर्मचारी ने कहा,'प्रमोशन में जितनी मेरी सैलरी बढ़ी थी, उतनी तो कट जा रही है। इस बढ़त के लिए मैंने साल भर कठोर मेहनत की थी।'
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |