/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/03/31/01-1617191147.jpg)
बिहार के पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 12 साल की बच्ची के साथ दो लड़कों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद परिजनों ने मीरगंज थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की खोजबीन शुरू कर दी है। पीड़िता की मां के मुताबिक बच्ची गांव में ही मकई के खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले नीतीश कुमार और मनीष कुमार ने मिलकर बच्ची का मुंह बंद कर दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिया। फिर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया।
जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान बच्ची मकई के खेत में बेहोश पड़ी हुई थी। उसका हाथ-पैर बांधा हुआ था। इसके बाद घटना की सूचना गांव की मुखिया को दी गई। मुखिया ने घटना की जानकारी मीरगंज थाना प्रभारी विजय यादव को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मां ने लिखित शिकायत दी है। फिलहाल दोनों आरोपित फरार हैं। जल्द ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में 12 साल की बच्ची के साथ हुए गैंगरेप के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। लोगों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |