/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/08/ganesh-chaturthi-idol-1631093125.jpg)
इस समय पूरे भारतवर्ष में गणेश चतुर्थी की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। हर साल की तरह इस साल भी गणपति बप्पा के आने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 10 दिन तक चलने वाले इस पर्व को बड़ी धूम-धाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी पर लोग उनके वस्त्र से लेकर भोग तक की सारी चीजें उनकी पसंद की लाते हैं, ताकि गणपति को खुश कर सकें। गणपति स्थापना में बप्पा के भोग से लेकर श्रृंगार जैसी कई चीजें अहम होती हैं। ऐसे में गणपति स्थापना से पहले कुछ चीजों को ध्यान में रखना जरूरी होता है। क्योंकि सही तरीके से गणपति की स्थापना करने से ही वो खुशी-खुशी आपके घर विराजेंगे और दुख-कष्ट दूर करेंगे। तो जानिए कैसे करें गणपति की स्थापना—
— गणेश चतुर्थी पर अगर आप गणपति लाने की सोच रहे हैं तो बता दें कि सफेद मदार की जड़ या फिर मिट्टी से बनी गणेश मूर्ति को पूजा के लिए शुभ माना जाता है। यही नहीं, आप सोना-चांदी, तांबे आदि से बनी गणेश मूर्ति की भी स्थापना कर सकते हैं। बस प्लास्टर ऑफ पेरिस या किसी अन्य मैटिरियल से बनी मूर्ति को पूजा में रखना अशुभ माना जाता है। इसलिए ऐसी मूर्ति लेने से परहेज करें।
ऐसा माना जाता है कि गणेश महाराज की बैठी हुई प्रतिमा ज्यादा फलदायी होती है। ऐसे में गणपति की मूर्ति खरीदते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें। हो सकता है पूजा में गणपित की ऐसी मूर्ति रखना आपके लिए शुभ हो जाए और बप्पा आपकी पूजा से प्रसन्न होकर आपके बिगड़े कामों को बना दें। इतना ही नहीं, किसी कार्य में आ रही रुकावटों को भी पल में दूर कर सकते हैं।
वाममुखी गणपति की मूर्ति घर लाएंगे तो उन्हें प्रसन्न करना आसान होता है। दरअसल, गणेश जी की बाईं ओर वाली सूंड को वाममुखी गणपति कहा जाता है। कहते हैं कि वाममुखी गणपति की पूजा करना आसान होता है। जबकि दाईं ओर सूंड वाले गणपति की पूजा के लिए विशेष नियमों का पालन करना पड़ता है।
ऐसी मान्यता है कि गणपति की सफेद या सिंदूरी रंग की प्रतिमा लेना शुभ माना जाता है। तो इस बार अगर बप्पा की मूर्ति घर में स्थापित करने का प्लान बना रहे हैं, तो कोशिश करें कि सफेद या सिंदूरी रंग की हो वैसे तो आप किसी भी रंग की प्रतिमा स्थापित कर सकते हैं।
अगर आप अपने ऑफिस के लिए गणपति लाने का विचार कर रहे हैं, तो खड़े हुए बप्पा ज्यादा शुभ रहेंगे। कहते हैं, ऐसी प्रतिमा के पूजन से सफलता और तरक्की मिलती है।
अगर इस बार गणपति को घर में स्थापित करने का कारण संतान प्राप्ति है, तो घर में गणपति के बाल रूप की स्थापना करें।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |