/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/11/27/01-1606458448.jpg)
केंद्र सरकार की ओर से बनाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का उग्र प्रदर्शन आज भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा की हुई है। सिंधु बॉर्डर पर आज पुलिस ने किसानों से बात करने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने और दिल्ली जाने पर अड़े रहे। इस दौरान जबरन दिल्ली में प्रवेश कर रहे किसानों पर हल्का बल प्रयोग किया गया।
पुलिस की ओर से सिंधु बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर फिर से किसानों पर आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया गया। टिकरी बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। किसानों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। वहीं, डबवाली बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों ने पुलिस की गाडिय़ों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने वज्र वाहन और वॉटर कैनन पर भी कब्जा जमा लिया है। कई जगहों पर किसानों ने पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग भी उखाड़ दी। स्थिति बिगड़ती देख दिल्ली में पुलिस नौ स्टेडियम में अस्थाई जेल बनाने की तैयारी में है।
दिल्ली पुलिस ने आज सुबह सिंधु बॉर्डर पर कुछ किसानों से बात की। पुलिस ने किसानों को वापस जाने की अपील की और कोरोना नियमों का पालन करने को कहा। हालांकि किसान दिल्ली जाने पर अड़ गए हैं और पुलिस की बात नहीं मान रहे हैं। किसानों का कहना है कि हम दिल्ली जाकर रहेंगे चाहे कुछ भी हो जाए। सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है और हम दिल्ली के रामलीला मैदान में ही जाकर रुकेंगे।
किसानों के दिल्ली चलो मार्च के चलते सिंघू बॉर्डर पर वाहनों की सघन चैकिंग की जा रही है। दिल्ली-गाजियाबाद और दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भारी मात्रा में सीमाओं पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। ऐसे में हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है। वहीं परिवहन साधनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारी किसानों का एक जत्था पंजाब से चलकर बहादुरगढ़ पहुंच गया है। किसान दिल्ली जाने की कोशिश में हैं, जहां वे दिल्ली चलो प्रोटेस्ट मार्च में हिस्सा लेंगे। किसानों ने प्रशासन की किसी भी रोक को मानने से इनकार कर दिया है।
हरियाणा के रोहतक में किसान काफी संख्या में जुटे हैं। रोहतक-झज्जर सीमा पर किसानों के जत्थों को देखा जा सकता है, जो दिल्ली चलो मार्च के तहत दिल्ली जाने की कोशिश में हैं। किसान केंद्र के कृषि बिलों का विरोध कर रहे हैं। वहीं प्रशासन ने कोविड का हवाला देते हुए किसी भी तरह की रैली पर रोक लगाई है। इस मद्देनजर हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी किसानों को रोकने के लिए तैनात किए गए हैं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |