उत्तर प्रदेश के हाथरस में कई तरह के दिल दहला देने वाले कांड हुए हैं। हाल ही की बात करें तो हाथरस जिले के नौजरपुर गांव में बदमाशों ने एक लड़की से छेड़छाड़ की, जब पिता ने शिकायत की की तो बदमाशों ने 52 वर्षीय किसान को गोलियां से भून डाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की पुत्री ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। बताया जा रहा है कि ढाई साल पुरानी रंजिश के चलते किसान को गोली मारी गई थी।


बेटी के साथ छेड़खानी करने और पिता को गोली मार हत्या करने में पुलिस ने हत्या और मोलेश्टेशन के केस दर्ज किए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएम ने घटना पर अधिकारियों से सख्त एक्शन को कहा है। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के नौजरपुर गांव की है। मृतक की पहचान अमरीश शर्मा के तौर पर हुई है।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव शर्मा है। जिसके खिलाफ जुलाई 2018 में छेड़खानी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन 1 महीने बाद जमानत पर बाहर आ गया। जेल से बाहर आने के बाद गौरव ने कई बार रंजिश में मृतक किसान अमरीश शर्मा पर हमला करने की कोशिश की थी लेकिन नाकामयाब रहा। अब उसे जैसे ही मौका मिला तो किसान अमरीश शर्मा को गोलियों से भून दिया।