
महाराष्ट्र का सियासी गेम पूरी तरह से पलटता दिख रहा है। देवेंद्र फडणवीस ने आज चौंकाने वाला ऐलान करते हुए कहा है कि एकनाथ शिंदे प्रदेश के नए सीएम होंगे। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे के पास शिवसेना के ज्यादातर विधायकों का समर्थन है और भाजपा एवं 16 अन्य निर्दलीय विधायकों ने उन्हें समर्थन का फैसला लिया है। वह आज शाम को 7:30 बजे ही सीएम पद की शपथ लेंगे। यही नहीं उन्होंने कहा कि मैं कैबिनेट से ही बाहर रहूंगा। इसके बाद आने वाले समय में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़े : GST की दरों में बदलाव : क्या सस्ता-क्या महंगा: किन समानों पर बढ़ी GST, किस पर घटी, देखें लिस्ट
इस बीच देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की है। दोनों नेताओं ने इस मुलाकात में राज्य में सरकार गठन का दावा पेश किया। भाजपा के पास कुल 106 विधायक हैं, जबकि एकनाथ शिंदे ने भी शिवसेना के बागियों और निर्दलीय विधायकों समेत कुल 49 सदस्यों के समर्थन का दावा किया है।
आपको बता दें कि आज ही एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंचे थे और फिर पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के घर पर पहुंचे थे। फिर दोनों एक साथ ही राज्यपाल से मिलने के लिए निकले। एकनाथ शिंदे गोवा से अकेले ही आए हैं, जबकि अन्य बागी विधायक अब भी वहां के ताज होटल में ठहरे हुए हैं।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक भाजपा खेमे से कुल 28 मंत्री हो सकते हैं, जिनमें आशीष शेलार, सुधीर मुनगंटीवार और चंद्रकांत पाटिल समेत कई सीनियर नेता हो सकते हैं। इसके अलावा 13 मंत्री पद एकनाथ शिंदे कैंप को मिल सकते हैं। इनमें 8 कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा 5 लोगों को राज्य मंत्री के पद दिए जा सकते हैं। दरअसल 2 जुलाई से हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |