/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/12/29/01-1609217521.jpg)
कर्नाटक के राज्य विधान परिषद के उपाध्यक्ष एसएल धर्मगौड़ा का शव चिकमंगलूरू के कडूर के पास एक रेलवे ट्रैक पर मिला है। उनके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों सदन में उनके साथ दुव्र्यवहार हुआ था। उनके निधन पर पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के नेता एचडी देवेगौड़ा ने कहा, राज्य विधान परिषद के सभापति और जेडीएस नेता एसएल धर्मगौड़ा की आत्महत्या की खबर जानकर हैरान हूं। वह एक शांत और सभ्य आदमी थे। यह राज्य को हुई अपूर्णनीय क्षति है।
जानकारी के अनुसार उनका शव मंगलवार तड़के दो बजे मिला है। 64 साल के गौड़ा हाल ही में तब चर्चा में आए थे जब मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के सदस्यों ने गैरकानूनी तरीके से सत्र की अध्यक्षता करने की कोशिश करने के लिए उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया था।कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी से जबरदस्ती खींचकर हटा दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा के साथ मिलकर कांग्रेस के अपर सदन अध्यक्ष प्रताप चंद्र शेट्टी को बाहर कर दिया है।
भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई थी और उच्च सदन में इसपर मतदान होना बाकी था। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस के कुछ विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को निलंबित करने और हंगामे के लिए अध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। गौरतलब है कि धर्मगौड़ा को दिसंबर 2018 में उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया था।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |