/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/08/23/2-1629729448.jpg)
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक फूड फैक्टरी में सोमवार को रसोई गैस सिलिंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गयी और फैक्टरी के एक साझीदार समेत तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस उपाधीक्षक, वेस्ट संजीव पाटिल ने संवाददाताओं को बताया कि आज दोपहर बाद करीब 1.30 बजे स्नैक्स और अन्य संबंधित खाद्य पदार्थ बनाने वाली एमएम फूड प्रोडक्ट्स फैक्टरी में रसोई गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गयी तथा दो महिलाएं और तीन पुरुष घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मनीष और सौरभ के रूप में की गयी है जिनकी उम्र क्रमश: 22 से 21 वर्ष है। वे दोनों बिहार के रहने वाले थे। घायलों के नाम धनलक्ष्मी (52), शांति (40) और सचिन (फैक्टरी के साझीदार) हैं। पाटिल ने बताया कि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाटिल ने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के अधिकारियों की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोट एक इकाई में इस्तेमाल किए गए बॉयलरों में से एक में हुआ था। उन्होंने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और यूनिट के उपकरणों को ठंडा कर दिया है। एक सवाल के जवाब में पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने के लिए संबंधित विभागों से बात करेगी कि कंपनी के पास नियमानुसार बॉयलर चलाने का लाइसेंस है या नहीं।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |