/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/05/17/Cyclone-Tauktae-1621228099.jpg)
देश के दक्षिण पश्चिम राज्यों पर चक्रवाती तूफान तौकते (Tauktae) का साया मंडरा रहा है। केरल, कर्नाटक और गोवा में तबाही मचाने के बाद Cyclone Tauktae गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। अब तक तूफान से प्रभावित इलाकों में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई सौ पेड़ गिरे हैं। साथ ही घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
तूफान की आहट के साथ गुजरात के तटीय इलाके में आज और कल भारी बारिश की आशंका है। आपदा से निपटने के लिए NDRF की 50 टीमें तैनात की गई हैं। गुजरात के कच्छ में तूफान से तबाही की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। साथ ही तटीय इलाकों के मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात में तूफान के पहुंचने के दौरान 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मुंबई में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई के वडाला में चक्रवात तौकते का प्रभाव दिखना शुरू हो चुका है। तेज हवाएं चल रही हैं, साथ ही रिमझिम बारिश भी हो रही है। तूफान के खतरे के बीच मुंबई में 5 जगह अस्थायी शेल्टर होम बनाए गए हैं। पश्चिमी मुंबई में NDRF की 3 टीम और बाढ़ से बचाव के लिए फायर ब्रिगेड की 6 टीमें भी तैनात की गई हैं।
गोवा में भी तूफान ने कहर बरपाया है। अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई है। एक हादसे में बाइक सवार पर बिजली का पोल गिरा जबकि दूसरे हादसे में पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत हुई है। गोवा में तूफान की वजह से आज सभी उड़ानें रद्द हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के मुताबिक तूफान में 100 घर बुरी तरह तबाह हुए हैं जबकि कई अन्य घरों को मामूली क्षति पहुंची है। गोवा में तूफान की वजह से करीब 500 पेड़ गिरने से जगह-जगह पर रास्ते बंद पड़े हैं।
केरल में भी तूफान के असर से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। केरल में इस चक्रवात की वजह से दो लोगों की मौत हो गई है। अलप्पुझा में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में भर गया है। तटीय इलाके के लोगों को समुद्र से दूर रहने को कहा गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार च्रकवात तौकते भीषण चक्रवाती तूफान में तबदील हो गया है। जिसके 17 मई की शाम तक गुजरात के तट तक पहुंचने की संभावना है। जबकि 18 मई की सुबह यह पोरबंदर और भावनगर जिले के महुआ के बीच से गुजरेगा।
IMD ने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान तौकते गुजरात के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान प्रभावित इलाकों में 18 मई तक 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
गुजरात में निचले तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 54 टीमों को तैनात किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने चक्रवात तौकते के चलते 17 मई को महाराष्ट्र के मुंबई, उत्तरी कोंकण, ठाणे और पालघर के हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में तौकते तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। उडुपी में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि उत्तर कन्नड़ जिले में तूफान की तबाही में 71 घर तबाह हो गए हैं। मछुआरों की 76 बोट भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 270 से ज्यादा बिजले के खंभे गिरे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र और दमन एवं दीव में चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही हर संभव तरीके से कोविड-19 के मरीजों के इलाज के साथ अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |