/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/04/13/01-1618329919.jpg)
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी है। ये प्रतिबंध कल यानी बुधवार से लागू होंगे। पूरे राज्य में गैरजरूरी आवाजाही पर रोक लगेगी। पूरे राज्य में धारा 144 लगाई जा रही है। यहां बुधवार रात 8 बजे से 1 मई सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगा दी गई हैं। इसे ब्रेक द चैन अभियान का नाम दिया है।
नए नियमों में बिना जरूरी काम के कहीं नहीं जा सकेंगे। लोकल ट्रेनें और बसें बंद नहीं होंगी। जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही इनमें यात्रा कर पाएंगे। एग्रीकल्चर सेवाएं देने वालों के लिए ट्रांसपोर्टेशन चालू रहेगा। सभी बैंक खुले रहेंगे। ई-कॉमर्स की सेवाएं भी चालू रहेंगी। पत्रकारों को आने-जाने की छूट दी गई है। रेस्टोरेंट और होटल में बैठकर खाया नहीं जा सकेगा। होटल से खाना पैक करवाने की सुविधा रहेगी।कंस्ट्रक्शन साइट से जुड़े हुए लोगों को मजदूरों के रहने की व्यवस्था करनी होगी।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने 10वीं और 12वीं की परीक्षा भी टाल दी हैं। कोविड-19 खत्म होने के बाद हम फिर परीक्षा करवा सकते हैं। समाज के अलग-अलग घटकों से और अलग-अलग लोगों से बात की जा रही है। लॉकडाउन पर सबका अलग-अलग मत है, लेकिन ये वक्त अगर हाथ से निकल गया तो परेशानी और बढ़ती जाएगी। उद्धव ने कहा कि राज्य में रोज 12 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का प्रोडक्शन हो रहा है। इसमें से एक हजार मीट्रिक टन ऑक्सीजन कोविड-19 में इस्तेमाल किया जा रहा है। बीच में रेमडेसिविर इंजेक्शन का उत्पादन कम हो गया था, लेकिन अब फिर से वह मिलने लगा है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |