भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपा रही है। स्थिति यह है कि देश के कई बड़े शहरों में कोविड अस्पतालों में अब बेड फुल होने लगे हैं और मरीजों को बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटों में देश में 1,61,736 नए कोरोना मरीज मिले हैं। 

इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,36,89,453 पहुंच गए हैं। वहीं बीते 24 घंटों में 879 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। अब कोविड से मरने वालों की संख्या 1,71,058 हो गई। पिछले 24 घंटों में 97,168 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। देश में अब तक 1,22,53,697 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। देश में सक्रिय मामले बढ़कर 12,64,698 पहुंच गए हैं।

कोरोना के बढ़ते प्रकोप का असर अब गुजरात में भी साफ नजर आ रहा है। अहमदाबाद में अधिकांश कोविड अस्पतालों में बेड्स फुल हैं। स्थिति यह है कि अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के कैंपस में एम्बुलेंस कतारों के साथ खड़ी हैं, इनमें मरीज लेटे हुए हैं और अंदर बेड्स खाली होने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार अहमदाबाद के इस सबसे बड़े कोविड अस्पताल में 1200 बेड्स फुल हो चुके हैं, जिसके कारण मरीजों को बाहर रोका गया है। एंबुलेंस में ही मरीजों को ऑक्सीजन दिया जा रहा है। गुजरात में बीते 24 घंटे में 6021 कोरोना के नए केस दर्ज किए गए थे, जबकि 55 लोगों की मौत हुई थी। सूरत, राजकोट जैसे शहरों में भी कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गुजरात में 30 हजार से अधिक कोरोना के एक्टिव केस हैं।

दिल्ली के 17 निजी अस्पतालों में अब सभी बेड भर चुके हैं। इसमें राजधानी के सबसे प्रमुख मैक्स और बीएलके जैसे अस्पताल भी शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि केंद्र और दिल्ली सरकार के अस्पतालों में अभी कोरोना बेड उपलब्ध हैं। दिल्ली कोरोना एप पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अस्पतालों में कोविड 19 के मरीजों के लिए कुल 12,226 बेड हैं। इनमें सोमवार दोपहर तक 7,066 बेड भरे हुए हैं। जबकि, 5160 खाली हैं। लेकिन 17 बड़े निजी अस्पतालों में एक भी बेड खाली नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि इस समय जिन मरीजों में कोरोना के गंभीर लक्षण आ रहे हैं। वह निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि इन अस्पतालों में बेड तेजी से भर रहे हैं।