/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/01/19/01-1611040173.jpg)
देशभर में जारी टीकाकरण के बीच कोरोना भी नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। आज 34 दिनों बाद देश में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 17 हजार 407 नए मामले सामने आए हैं। वहीं कल 89 लोगों की मौत हुई है। 17 हजार से ज्यादा मामले आखिरी बार इसी साल 28 जनवरी को दर्ज किए गए थे। तब कोरोना के एक दिन में 18 हजार 555 मामले आए थे।
वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देख 24 घंटे वैक्सीनेशन को मंजूरी दी है। अब किसी भी दिन और समय कोरोना का टीका लगवाया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अबतक एक करोड़ 66 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या एक करोड़ 11 लाख 56 हजार 923 पहुंच गई है। इनमें से एक लाख 57 हजार 435 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब बढ़कर एक लाख 73 हजार 413 हो गई है। वहीं, कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या एक करोड़ 8 लाख 26 हजार 75 है। देश में अबतक कुल एक करोड़ 66 लाख 16 हजार 48 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने ट्वीट करके बताया है कि देश में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 21 करोड़ 91 लाख 78 हजार 908 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 7 लाख 75 हजार 631 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
बता दें कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में कोरोना वायरस के नए मामलों में वृद्धि जारी है और पिछले 24 घंटे में इस महामारी के सामने आए नए मामलों में से करीब 85 फीसदी मामले इन्हीं राज्यों में दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि केन्द्र उन राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लगातार संपर्क में है और जानकारी ले रहा है, जहां इस महामारी के मामलों की संख्या बढ़ रही है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |