लोकसभा ने नारियल की खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़कर इसे बढ़ावा देने वाले 'नारियल विकास बोर्ड (संशोधन) विधेयक 2021' को आज ध्वनिमत से पारित कर दिया। 

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विधेयक के संबंध में बोलते हुए सदन को बताया कि नारियल विकास बोर्ड देश की प्रतिष्ठित संस्था है। देश के तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, बिहार आदि राज्यों में बड़े पैमाने पर नारियल की खेती की जाती है। 

यह प्रतिष्ठित संस्था नारियल की खेती करने वाले किसानों के हितों के लिए नारियल की खेती को बढ़ावा देने की दिशा में काम करती है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के पारित होने से नारियल किसानों को तकनीकी मदद मिलेगी और नारियल की खेती तथा इसके विपणन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इससे नारियल की खेती करने वाले किसानों को फायदा होगा और उनकी दिक्कतों को दूर करने में आसानी होगी।