चीन में पिछले साल रिजर्व से भागा हाथियों का झुंड एक साल बाद वापस अपने घर लौट आया है, लेकिन इस दौरान हाथियों के इस दल ने जमकर तबाही मचाई। चीन के दक्षिण पश्चिम में हाथियों ने खेत उजाड़ दिए और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय प्रशासन लगातार ड्रोन के जरिए इनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इन हाथियों के झुंड ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा था, क्योंकि ये एक साल तक यात्रा करने के बाद दक्षिण पश्चिम चीन पहुंचे थे। 

इस दौरान हाथी खाने के लिए खेतों और लोगों को घरों में घुस गए। स्थानीय अधिकारियों ने हाथियों की निगरानी के लिए ट्रकों, मजदूरों और ड्रोन को तैनात किया। हाथियों को सुरक्षित रूप से गुजरने के लिए सडक़ों को खाली कर दिया गया। साथ ही आबादी वाली जगहों से दूर रखने के लिए भोजन का इस्तेमाल किया गया है। लेकिन हाथियों की वजह से कोई जानवर या इंसान घायल नहीं हुआ है। विभिन्न आकारों और उम्र के 14 एशियाई हाथियों को युन्नान में युआनजियांग नदी के पार जाते हुए देखा गया। इसे ध्यान में रखते हुए हाथियों के लिए प्राकृतिक रिजर्व तक लौटने के लिए एक रास्ते को खोला जा रहा है। ये प्राकृतिक रिजर्व जिशुआंगबन्ना दाई स्वायत्त प्रांत में है, जहां ये हाथी रहा करते थे।

दरअसल, एक साल से अधिक समय पहले इन हाथियों ने बिना किसी कारण के रिजर्व को छोड़ दिया और 500 किमी से अधिक उत्तर में घूमते रहे। इसके बाद से दक्षिण की ओर व्यापार और पर्यटन के केंद्र कुनमिंग शहर की ओर बढऩे लगे। हालांकि, ये शहर के बाहरी इलाके तक ही पहुंचे थे, लेकिन ये अभी भी रिजर्व से बहुत दूर थे। झुंड से अलग हुए एक नर हाथी को बाद में अधिकारियों ने शांत कर दिया, जिसके बाद वो रिजर्व में वापस लौट रहे हैं।