चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले रहे हैं। अभी तक 35 में से 29 वार्डों पर परिणाम घोषित हो चुके हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस के किलों को भेदकर 13 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि भाजपा और कांग्रेस ने अभी क्रमश: 10 और 5 वार्ड जीते हैं। भाजपा प्रत्याशी और सिटिंग मेयर रविकांत शर्मा को आप प्रत्याशी ने हरा दिया है। मनीष सिसोदिया ने चुनाव परिणामों पर खुशी जताई है।

चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों पर सुबह नौ बजे से काउंटिंग चल रही है। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 13 वार्डों में जीत हासिल की है। हालांकि आप पार्टी चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख चंदर मुखी शर्मा हालांकि चुनाव हार गए। वहीं, भाजपा ने अभी तक 10 वार्ड जीते हैं, जबकि कांग्रेस ने 5 वार्ड जीते और एक वार्ड अकाली दल के खाते में गया है।

भाजपा के पूर्व महापौर रविकांत शर्मा वार्ड नंबर 17 हार गए। यहां आप उम्मीदवार जसबीर सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मेयर दवेश मौदगिल चुनाव हार गए हैं। चंडीगढ़ निकाय चुनाव में भाजपा के अन्य दो पूर्व मेयर भी हारे हैं।

अब तक आम आदमी पार्टी ने वार्ड नंबर 1, 4,15, 17, 18,19, 21, 22, 23, 25, 26, 29 और 31 पर जीत हासिल की है, जबकि वार्ड नंबर 2, 3, 6, 7, 9,11, 14, 32, 33 और 35 पर भाजपा ने जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस ने वार्ड 5, 10, 13, 27 और 34 पर कब्जा किया हैं। वार्ड नंबर 30 पर अकाली दल की जीत हुई है।