पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। नए मुख्‍यमंत्री का चुनाव करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शाम पांच बजे होगी। नए मुख्‍यमंत्री के तौर पर सुनील जाखड़ का नाम सबसे आगे चल रहा है। 

आज सुनील जाखड़ ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, 'राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस के विवाद को सुलझाने के लिए जो कदम उठाया है उस साहसी निर्णय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसके साथ ही अकालियों को झकझोर कर रख दिया है। बैठक के लिए पंजाब कांग्रेस भवन में गतिविधियां तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत और दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन व हरीश राय चौधरी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अमरिंदर सिंह सोनिया से बात की और बार-बार हो रहे 'अपमान' को लेकर नाराजगी और नाखुशी जताई। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि 50 से अधिक विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया जाए। सूत्रों का यह भी कहना है कि यह संकट 'गंभीर' है क्योंकि बहुत सारे विधायकों ने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री को बदलने की मांग की है।