उत्तर प्रदेश के आगरा के ताजमहल में बम रखने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। आगरा के एसपी (प्रोटोकॉल) शिव राम यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से एक सूचना मिली है कि एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि ताजमहल में बम रखा है जो कुछ देर में फट जाएगा।

सूचना मिलने पर तत्काल ताजमहल के आस-पास जांच की जा रही है। सीआईएसएफ को अलर्ट कर दिया गया है। ताज महल के अंदर मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान चेकिंग भी की गई और करीब 1 घंटे तक ताजमहल के चप्पे-चप्पे में तलाशी की गई। मगर, कोई भी विस्फोटक नहीं मिला। आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नंबर ट्रेस करने पर पता चला कि कॉल करने वाला फिरोजाबाद का है। आगरा पुलिस ने फिरोजाबाद पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया। वहां एक युवक को धरा गया। बताया जा रहा है कि युवक आर्मी भर्ती रद्द होने की वजह से नाराज था और इसी वजय से उसने फेक कॉल की थी।


एसपी का कहना है कि किसी व्यक्ति ने फर्जी सूचना दी थी। इसके बाद चेकिंग कराई गई। मगर, कोई विस्फोटक नहीं मिला है। अब पर्यटकों के लिए ताजमहल खोलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बब्लू कुमार ने बताया कि यूपी 100 के कंट्रोल रूम में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने कॉल कर ताजमहल में बम रखने की सूचना दी। उसने कहा कि मैं ताजमहल में बम लगा दूंगा। उसकी अर्मी की भर्ती रद्द हो गयी है। उसकी सूचना को गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ते और सीआईएसएफ, पुलिस द्वारा ताजमहल के आस-पास छानबीन की गयी। चेकिंग के उपरान्त स्थिति समान्य पायी गयी है। ताजमहल को खोल दिया गया है।