असम कांग्रेस की पूर्व सांसद सुष्मिता देव तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गई हैं। टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन ने सुष्मिता देव का पार्टी में स्वागत किया। इससे पहले, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष और सिलचर की पूर्व सांसद सुष्मिता देव ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है।


देव ने अपना इस्तीफा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सुष्मिता देव के इस्तीफे के साथ, कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में पार्टी के एक प्रमुख नेता को खो दिया है।जारी अपने त्याग पत्र में, सिलचर की पूर्व सांसद सुष्मिता देव ने लिखा कि "कृपया इस पत्र को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मेरे इस्तीफे के रूप में मानें।" पहले यह बताया गया था कि कांग्रेस के पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री संतोष मोहन देव की बेटी सुष्मिता देव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगी।