/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2018/03/02/bjp1-1519967918.jpg)
2 सीटें जीतने वाली भाजपा ने मेघालय में भी सरकार बनाने का दावा किया है। 19 सीटें जीतने वाली एनपीपी के साथ भाजपा यहां सत्ता में भागीदार हो सकती है। एनपीपी के अध्यक्ष कोनराड संगमा ने कहा है कि हम सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा के सूत्रों ने दावा किया है कि उसकी पहल पर एनपीपी और अन्य क्षेत्रीय दलों और 1 निर्दलीय उम्मीदवार को मिलाकर 34 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है।
60 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 31 विधायक चाहिए। भाजपा के सूत्रों के मुताबिक एनपीपी के 19, भाजपा के 2, यूडीपी के 6, एचएसपीडीपी के 2, एनडीएफ के 4 और 1 निर्दलीय विधायक का समर्थन मिलने पर सहमति बन गई है। भाजपा ने केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू और पर्यटन राज्य मंत्री के.जे अल्फोंस को मेघालय का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा ने ए.एल.हेक को विधायक दल का नेता चुनाव लिया है। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने खुद इसकी पुष्टि की है।
केन्द्रीय मंत्री जे.पी.नड्डा ने कहा कि भाजपा, उसके गठबंधन सहयोगियों और मित्र पार्टियों को मेघालय और नागालैंड में पूर्ण बहुमत मिला है और हम सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त हैं। आपको बता दें कि मेघालय में 59 सीटों पर ही चुनाव हुआ था। विलियमनगर सीट पर एनसीपी के उम्मीदवार जोनाथॉन संगमा की आईईडी ब्लास्ट में मौत के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया। मेघालय में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। कांग्रेस 21 सीटें जीतकर मेघालय में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों का समर्थन चाहिए।
कांग्रेस मणिपुर और गोवा में धोखा खा चुकी है। उसने सबक लेते हुए पहले ही मेघालय में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। वहीं भाजपा किसी भी हाल में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने देना चाहती। असम के वित्त मंत्री और भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि मेघालय में विधानसभा चुनाव का परिणाम एक दशक तक यहां सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस और मुख्यमंत्री मुकुल संगमा के खिलाफ है। हम चाहते हैं कि एनपीपी पहल करे, भाजपा इसमें पूरा सहयोग करेगी। हम यहां पर एक गैर कांग्रेसी सरकार बनाने में मदद करने के लिए हैं।
मेघालय में अगली सरकार का गठन करने के लिए भाजपा छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों को साथ आने के लिए प्रोत्साहित करेगी। भाजपा सरकार के गठन में अगुवाई करने की स्थिति में नहीं है। हालांकि वह सरकार बनाने के लिए हर किसी के साथ अनौपचारिक रूप से बात करने के लिए तैयार है। आपको बता दें कि एनपीपी एनडीए का घटक दल है। वह मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में शामिल है। भाजपा ने पूर्वोत्तर में नॉर्थईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस(एनईडीए) बनाया था। इसमें भी एनपीपी शामिल है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |