देश के पांच राज्यों में अगले वर्ष की शुरुआत में होने जा रहे विधानसभा चुनावों (Assembly elections) के लिए हुए  पूर्व सर्वे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (BJP) उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Assembly Elections) में सत्ता में वापसी करती दिख रही है वहीं उत्तराखंड (uttarakhand assembly elections) में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। एजेंसी ने शुक्रवार को चुनावी राज्यों में जनता का मूड समझने की कोशिश कर सर्वे के नतीजे सामने रखे। यह सर्वे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के एक लाख सात हजार से ज्यादा लोगों पर किया गया है।

सर्वे नवंबर के पहले हफ्ते में किया गया है। इन पांच राज्यों में होने वाले चुनाव पर सबकी नजर है।  सर्वे के अनुसार उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Assembly Elections) की 403 विधानसभा सीटों में से भाजपा को 213 से 221 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी को 152 से 160 सीट मिल सकती हैं। सर्वे में बहुजन समाज पार्टी को 16 से 20 सीट मिलने की बात कही गई है। कांग्रेस की स्थिति में कोई खास फायदा होता नहीं दिखाई पड़ रहा है। सर्वे के अनुसार कांग्रेस को 6 से 10 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। सर्वे के अनुसार वोट हिस्सेदारी के मामले में भी भाजपा सबसे आगे है। पार्टी को 41 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। समाजवादी पार्टी को 31 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं, बीएसपी को 15, कांग्रेस को नौ और अन्य को चार फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। 

चुनाव पूर्व सर्वे में पंजाब में कांग्रेस को झटका लगता दिखाई दे रहा है। 2017 में 70 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 42 से 50 सीट के भीतर सिमटती दिख रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को फायदा मिलता दिख रहा है। आम आदमी पार्टी को 47 से 53 सीट मिलने का अनुमान है। शिरोमणि अकाली दल (Akali Dal) को भाजपा गठबंधन से हटने का फायदा सीटों के रूप में नहीं दिख रहा है। सर्वे में शिअद को 16 से 24 सीट मिलने की बात कही है। भाजपा को एक सीट मिलने की बात कही गई है। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें है। उत्तराखंड में कांग्रेस (Congress in Uttarakhand) भाजपा को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है। 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा को 36 से 40 सीट मिलने का अनुमान है। 

सर्वे में कांग्रेस को 30 से 34 सीट मिलने की बात कही जा रही है। आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीट आ सकती है। वोट हिस्सेदारी की बात करें तो राज्य में कांग्रेस को 36 , जबकि भाजपा को 41 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 12 जबकि अन्य के खाते में 11 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। गोवा में इस बार भाजपा दोबारा सत्ता में वापसी कर सकती है। सी-वोटर सर्वे के अनुसार 40 सीटों की विधानसभा वाले राज्य में भाजपा को 19 से 23, कांग्रेस को दो से सात और आम आदमी पार्टी को तीन से सात सीटें मिलने का अनुमान है। 

भाजपा को सबसे अधिक 36 फीसदी वोट मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, कांग्रेस को 19 फीसदी वोट हिस्सेदारी से ही संतुष्ट होना पड़ेगा। यहां आम आदमी पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। पार्टी को इस बार 24 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। मणिपुर में फिर से भाजपा की वापसी होती दिख रही है। सर्वे के अनुसार 60 सीटों की विधानसभा वाले राज्य में भाजपा को सबसे अधिक 25 से 29 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं, कांग्रेस को 20 से 24 सीट मिलती नजर आ रही है। भाजपा को सबसे अधिक 39 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 33 और एनपीएफ को नौ फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।