मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के घोषित नतीजों में 46 में से 38 पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बहुमत प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इन नतीजों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राज्य की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी की नीतियों पर मुहर लगायी है। 

ये भी पढ़ेंः अवैध मदरसों के खिलाफ एक्शन में योगी सरकार, जब मौके पर पहुंचे अधिकारी तो उड़ गए होश, जानें पूरा मामला


चौहान ने कहा कि निकाय चुनाव में यह विजय पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनहितकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि वे और प्रदेश भाजपा के सभी साथी जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने जनता को वचन दिया है कि वे उनके विश्वास को टूटने नहीं देंगे और राज्य के विकास के लिए हरसंभव उपाय करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह जीत पीएम मोदी और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण मिली है। शर्मा ने यह भी कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में आज फिर जनता ने भाजपा को जिताकर उसकी नीतियों पर मुहर लगायी है। 

ये भी पढ़ेंः 5G Launch : आज से 5G की स्पीड से दौड़ेगा देश , PM मोदी लॉन्च करेंगे 5 जी सर्विस


वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विजय के पहले राज्य की जनता ने नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी भाजपा को शानदार विजय दिलायी थी। नगरीय निकाय चुनाव के आज घोषित दूसरे चरण के नतीजों से साबित हो गया है कि जनता भाजपा के विकास कार्यों को समर्थन दे रही है। सिंह ने कहा कि अनेक नेता इन चुनावों को अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सेमीफाइनल बता रहे थे और जनता ने भाजपा को इसमें विजयी बनाया है। सिंह ने कहा कि 46 नगरीय निकायों में से 38 पर भाजपा का कब्जा है और सिर्फ 08 पर ही कांग्रेस को विजय हासिल हुयी है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 18 जिलों के 46 नगरीय निकायों के लिए मतगणना सुबह प्रारंभ हुयी थी। इनमें 17 नगरपालिका और 29 परिषद शामिल हैं, जहां पर मतदान 27 सितंबर को हुआ था। इन नगरीय निकायों में कुल वार्डों की संख्या 814 हैं। राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई के तहत नगरपालिका में कुल 32 वार्डों में सभी पर भाजपा विजयी हुयी है। 

इसी तरह सागर जिले की एक अन्य गढ़ाकोटा नगर पालिका में 23 वार्डों में 23 भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। यह क्षेत्र राज्य के लोक निर्माण एवं कुटीर उद्योग मंत्री गोपाल भार्गव का गृहनगर है और वहां उनकी प्रतिष्ठा दाव पर थी। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए 46 नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस समर्थित विजयी सभी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने पुलिस, पैसे व प्रशासन का उपयोग कर सत्ता का दुरुपयोग कर यह चुनाव लड़ा था। उनका कहना है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया, इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी इन चुनावों में विजयी हुए हैं।