अरबपति व वॉलमार्ट (ई-कॉमर्स, यूएस) के पूर्व सीईओ मार्क लोरे ने अमरीकी रेगिस्तान में टेलोसा नामक 400 अरब डॉलर का एक नया शहर बसाने की योजना का खुलासा किया है। इस नए शहर में टोक्यो की स्वच्छता, न्यूयॉर्क की विविधता और स्टॉकहोम की सामाजिक सेवाओं को शामिल किया जाएगा। 1,50,000 एकड़ में फैले प्रस्तावित शहर के लोग अपने घरों से 15 मिनट के अंदर अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकेंगे। इसमें इनडोर फार्मिंग और हाई स्पीड ट्रांसपोर्टेशन जैसी सुविधाएं भी होंगी।

शहर के निर्माण का काम आर्किटेक्चर फर्म बर्जर्के इगल्स ग्रुप को दिया गया है। इस शहर में पर्यावरण पर खास ध्यान दिया गया है। यही कारण है कि यहां पेट्रोल-डीजल के वाहनों की जगह ई-व्हीकल्स ही चलेंगे। शहर में कई गगनचुंबी इमारतें होंगी। शहर के निर्माण में करीब चालीस साल लगने का अनुमान है। कंपनी का कहना है कि उसका लक्ष्य है कि वह साल 2030 से यहां लोगों को बसाना शुरू करेगा। शुरुआत में करीब पचास हजार लोगों को बसाने की योजना है। हालांकि योजनाकार अभी भी स्थानों की तलाश कर रहे हैं। परियोजना की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार नेवादा, यूटा, इडाहो, एरिजोना, टेक्सास और एपलाचियन क्षेत्रों में से किसी एक में इस शहर का निर्माण हो सकता है। पश्चिमी अमरीका में तेजी से गिरते जल स्तर के बीच नए शहर की घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मार्क लोरे का कहना है कि यह शहर सबका है। इसमें बसने वाले लोगों का भी और अमरीका के लोगों का भी। ऐसे में लोग खुले दिल से बताएं कि उनके शहर में क्या-क्या होना चाहिए, कैसा होना चाहिए। इतना ही नहीं अगर वह प्रोजेक्ट में कोई परिवर्तन चाहते हैं तो हम उसका भी स्वागत करेंगे।