/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/11/11/01-1605082467.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव में बहुमत से मिली जीत और अन्य राज्यों के उपचुनावों में भारी सफलता को लेकर यहां दीनदयाल उपाध्याय रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पर बुधवार को फिर से जश्न का कार्यक्रम होगा। मंगलवार को देर रात तक नतीजों की तस्वीर साफ न होने से कार्यक्रम ऐन वक्त पर स्थगित कर दिया गया था। ऐसे में बुधवार शाम पांच बजे से पार्टी मुख्यालय पर जश्न की तैयारियां होंगी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा शाम पांच बजे पार्टी मुख्यालय पर पहुंचेंगे, जबकि शाम छह बजे प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी पहुंच सकते हैं। इस दौरान कार्यकताओं को शीर्ष नेता संबोधित कर उत्साह बढ़ाएंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में बहुमत से एनडीए को मिली जीत और यूपी, गुजरात, मध्य प्रदेश आदि राज्यों के उपचुनावों में मिली शानदार सफलता पर पार्टी नेता प्रतिक्रिया देंगे।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनावों में एक करीबी और नाटकीय मुकाबले में भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन राजग को जीत दिलाई। उसने राज्य में 15 साल की सत्ता विरोधी लहर के बाद भी चुनाव में जीत हासिल की। 243 सदस्यीय विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 122 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार किया है। इस गठबंधन में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने मिलकर 125 सीटें जीत लीं। भाजपा 74 सीटों पर विजयी रही, जबकि जद (यू) 43 सीटें जीतने में सफल रही। छोटे सहयोगी दलों - हम और वीआईपी ने 4-4 सीटें जीतीं।
वहीं, अक्टूबर-नवंबर के चुनावों में राज्य में राजग का साथ छोड़ने वाली लोक जनशक्ति पार्टी को केवल 1 सीट से संतोष करना पड़ा। विपक्षी महागठबंधन ने 110 सीटें जीतीं, इसमें राष्ट्रीय जनता दल ने 75 सीटें, कांग्रेस ने 19 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादी-लेनिनवादी (लिबरेशन) ने 12 सीटें जीतीं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादीने 2-2 सीटें जीतीं। तेजस्वी यादव की पार्टी राजद इन चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसने राज्य में अकेले सबसे ज्यादा 75 सीटें जीतीं। वहीं 74 सीटों के साथ भाजपा राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही। बची हुई सीटें अन्य दलों में बंट गईं। जैसे असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने 5 और बहुजन समाज पार्टी ने 1 सीट जीती। चुनाव में एक निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी हुआ।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |