बिहार में एक करोड़ से अधिक मतों की गिनती हो चुकी है और अंतिम नतीजे मंगलवार देर रात तक आएंगे। चुनाव आयोग ने आज दोपहर पत्रकारों को यह जानकारी दी। उपचुनाव आयुक्त चंद्रभूषण कुमार संदीप जैन और आशीष कुंद्रा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के कारण इस बार बिहार चुनाव में 63 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए थे क्योंकि हर केंद्र पर एक से 1500 तक मतदाता ही वोट डाल सकते थे। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में 65 हजार मतदान केंद्र थे जबकि इस बार एक लाख छह  हजार मतदान केंद्र बने थे। उन्होंने यह भी बताया कि मतगणना न्यूनतम 19 राउंड में होती है और अधिकतम 51 राउंड में। वैसे औसतन 35 राउंड में मतों की गिनती होती है। अभी तक एक करोड़ से अधिक मतों की गिनती हो चुकी और देर रात तक सारे नतीजे आ जाएंगे। जैन और कुंद्रा ने यह भी बताया कि मतगणना 55 स्थानों पर चल रही है। पिछली बार 38 स्थानों पर हुई थी। उन्होंने कहा कि मतगणना को लेकर अभी तक कोई शिकायत या समस्या नहीं आई है। मतों की गिनती सुचारू रूप से हो रही है। कहीं से भी कोई व्यवधान की बात सामने नहीं आयी है।

उधर, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हो रही मतगणना के बीच आज सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चुनाव परिणाम के पहले एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय के निकट सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसी तरह राजधानी के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। मतगणना को लेकर पुलिस और सामान्य प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। किसी भी पार्टी के कार्यकर्ता अति उत्साह में कुछ भी गड़बड़ी ना करें इसके लिए सतर्कता बरती जा रही है।