
कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान संगठनों ने कल यानि 26 मार्च को भारत बंद का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि किसान आंदोलन के 120 दिन पूरे होने पर 'भारत बंद' किया जा रहा है। हजारों की संख्या में किसान दिल्ली की सीमाओं पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस, लेफ्ट, समेत कई विपक्षी दलों ने बंद का समर्थन किया है। किसान संगठनों ने ऐलान किया है कि 28 मार्च को वे होलिका दहन पर नए कानूनों की प्रतियां जलाएंगे। 26 मार्च को भारत बंद के दौरान 12 घंटों के लिए देश में क्या-क्या खुला और क्या बंद रहेगा, जानिए—
— किसान संगठनों का भारत बंद 26 मार्च 2021 की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
— संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, 26 मार्च को 'संपूर्ण रूप' से भारत बंद रहेगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि जिन राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव होने हैं, उन्हें 26 मार्च को भारत बंद से अलग रखा जाएगा। पिछली बार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छूट दी गई थी। इस बार किसान नेता दावा कर रहे हैं कि 26 मार्च को दिल्ली के अंदर भी भारत बंद का प्रभाव देखा जाएगा।
— भारत बंद के दौरान दौरान, रेल और सड़क यातायात को बाधित करने की योजना है। दुकानों और डेयरी जैसी जगहों को बंद रखा जाएगा। सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक, सार्वजनिक स्थलों को भी बंद रखा जाएगा।
—किसान नेताओं के अनुसार, किसी कंपनी या फैक्ट्री को नहीं बंद कराया जाएगा। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर जैसी जरूरत की जगहें खुली रहेंगी।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |