जो लोग अपने शरीर को बॉडी बिल्डर की तरह बनाना चाहते हैं वो कई तरीके आजमाते हैं, वे माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स तत्वों के फायदे से अच्छी तरह वाकिफ हैं। माइक्रो-न्यूट्रिएंट्स तत्व विटामिन और खनिज होते हैं जो स्वस्थ शरीर के लिए प्रोटीन और कैल्शियम जैसे मैक्रोन्यूट्रिएंट्स के प्रोसेसिंग को उत्प्रेरित करने में मदद करते हैं।

आपको किस पोषक तत्व के सप्लीमेंट्स की जरूरत है, यह पता लगाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। माइक्रोन्यूट्रिएंट एक्सरसाइज के लिए एनर्जी सप्लाई करते हैं। साथ ही मांसपेशियों को रिपेयर करते हैं और उसे बढ़ने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं पुरुषों में मांसपेशियों को बढ़ाने और फैट को घटाने के लिए आवश्यक माइक्रोन्यूट्रिएंट के बारे में।

मैग्नीशियम, तनावमुक्त करने में बहुत मदद करता है। इंटेन्स वर्कआउट सेशन के बाद, अपनी मांसपेशियों को आराम देना जरूरी है। इस दौरान ऐंठन को रोकने के लिए मैग्नीशियम की आवश्यकता होती है। कैल्शियम के साथ मैग्नीशियम का सेवन करने से ब्लड प्रेशर कम होता है और अच्छी नींद आती है, जो हेल्दी रहने के लिए जरूरी है।
शरीर के अच्छे स्वास्थ्य के लिए आयरन बहुत जरूरी है। शरीर में अधिकांश आयरन लाल रक्त कोशिकाओं में होता है जो हमारे फेफड़ों से पूरे शरीर में अंगों और ऊतकों तक ऑक्सीजन पहुंचाता है। आयरन पोषक तत्वों से ऊर्जा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह नर्व इम्पल्स के ट्रांसमिशन में भी योगदान देता है, जिससे संकेतों को शरीर के विभिन्न भागों में पहुंचाने में मदद मिलती है।

ग्लूकोमानन एक फाइबर है जो वजन कम करने में मदद करता है। यह शरीर में वसा के अवशोषण और कैलोरी के प्रभाव को कम करता है। इसका सेवन करने से अधिक भूख नहीं लगती है और बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती है। इस प्रकार वजन घटाने में मदद मिलती है।

विटामिन-डी हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए सबसे अच्छा जाना जाता है। यह टेस्टोस्टेरोन जैसे हेल्दी हार्मोन से जुड़ा है, जो विकास और मांसपेशियों के रखरखाव में मदद करता है। विटामिन डी की खुराक मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने और वसा को कम करने में प्रभावी है।

विटामिन-सी न केवल इम्यूनिटी को बढ़ाने में बल्कि हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। यह कोलेजन के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है। स्टडी में पाया गया है कि पर्याप्त विटामिन सी का सेवन करने से बोन डेंसिटी बढ़ती है। विटामिन सी की कमी मांसपेशियों और हड्डियों को प्रभावित कर सकती है।

जिंक एक ऐसा सूक्ष्म पोषक तत्व है जो शरीर में कई महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 300 से अधिक एंजाइमों की एक्टिविटी के लिए जिंक की आवश्यकता होती है जो पाचन, तंत्रिका कार्य, मेटाबोलिज्म और कई अन्य चीजों में सहायता करते हैं। जिंक प्रतिरक्षा कोशिकाओं के विकास और कार्य के लिए आवश्यक है। मांसपेशियों के अच्छे विकास के लिए अच्छा इम्यून सिस्टम होना जरूरी है।

विटामिन बी 12 मांसपेशियों की वृद्धि में सुधार करता है। साथ ही मस्तिष्क और मांसपेशियों में कम्यूनिकेट करने में मदद करता। वजन घटाने के लिए विटामिन बी 12 का सेवन जरूरी है। यह मेटाबोलिज्म को बढ़ावा देता है और वजन को नियंत्रित रखता है।