ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक ऐसा पक्षी है जो हूबहू इंसानी बच्चे की चीख-पुकार की तरह आवाजें निकालता है। पक्षी विज्ञानी इसे बहुत नकलची चिड़िया मानते हैं। यह इंसानी आवाजों की नकल करता है। सिडनी स्थित तारोंगा जू में मौजूद इस पक्षी का नाम है ईको। यह इसका बुलाने वाला नाम है, जबकि इसे लायरबर्ड कहते हैं। इसका वैज्ञानिक नाम मेनुरा नोवेहोलांडे है। 

भूरे रंग की लंबी पूंछ वाला यह पक्षी में एक खासियत होती है कि यह इंसानी बच्चों की आवाजों की नकल कर लेता है। जैसे हमारे परिवार में रहते-रहते तोते बातचीत करने लगते हैं। तारोंगा चिड़ियाघर ने हाल ही में ट्विटर पर ईको का वीडियो डाला, जिसमें यह बच्चे की तरह रो रहा है। यह आवाज सुनकर कोई कह ही नहीं सकता कि यह पक्षी इस तरह की हरकत भी कर सकता है। आपको यह लगेगा कि कोई इंसान का बच्चा जोर-जोर से रो रहा है। इसकी पूंछ एक वाद्य यंत्र लायर की तरह दिखता है। यह वाद्य यंत्र U आकार का होता है, इसे प्राचीन ग्रीस में बजाया जाता था। इसलिए इसका नाम लायरबर्ड रखा गया है। ऑस्ट्रेलियन म्यूजियम के अनुसार लायरबर्ड मिमिक्री यानी आवाजों की नकल करने में एक्सपर्ट पक्षी होता है। 

इनके आसपास से आने वाली किसी भी तरह की आवाज की नकल करने में सक्षम होते हैं। यहां तक कि ये लकड़ी काटने वाली आरा मशीन, कार के इंजन, अलग-अलग जानवरों की आवाजें, कुत्तों को भौंकने की आवाजें और अन्य पक्षियों के आवाज की नकल भी कर लेता है। तारोंगा चिड़ियाघर के यूनिट सुपरवाइजर लिएन गोलेबायोव्सकी ने कहा कि ईको सात साल का है। ये पावर ड्रिल, फायर अलार्म और चिड़ियाघर में इमरजेंसी में बाहर निकलने की घोषणा की आवाज भी निकाल देता है। कई बार तो ये लोगों को देखते ही कहता है इवैक्यूएट नाऊ यानी तुरंत खाली करो। चिड़ियाघर में मौजूद इसकी देखरेख करने वाली कर्मचारी कहते हैं कि इसने ये सारी आवाजें निकालना लॉकडाउन के समय शुरु किया है।