पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में नामी कंपनी के एक केक डिलीवरी बॉय ने ऐसा कारनामा कर डाला, जिसे सुनकर सभी के होश उड़ गए। अब आलम ये है कि उस डिलीवरी बॉय को लोग सीरियल बलात्कारी कहने लगे हैं। इस डिलीवरी बॉय ने 66 महिलाओं को ब्लैकमेल कर अपनी हवस का शिकार बना डाला। महिलाएं आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करने लगीं हैं। 

दरअसल, डिलीवरी ब्वॉय नामी कंपनी के उत्पादों के बारे में फीडबैक लेने के नाम पर महिलाओं को वीडियो कॉल करता था। फीडबैक के नाम पर वीडियो कॉल करने के दौरान महिलाओं के कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाने के बाद वह उन महिलाओं को ब्लैकमेल करता था। पुलिस के मुताबिक, हुगली के क्योटा के त्रिकोण पार्क के रहने वाले युवक विशाल वर्मा पर 66 महिलाओं को ब्लैकमेल करके बलात्कार करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक चुंचुड़ा पुलिस को गुप्त सूत्रों से विशाल की शिकायत मिली थी। सूचना के आधार पर 20 फरवरी की रात को पुलिस ने एक घर में छापा मारा। घर में विशाल के साथ एक महिला मौजूद थी। 

महिला ने आरोप लगाया कि विशाल उसे धमकी देकर उसका रेप करने की कोशिश कर रहा था। तलाशी में पुलिस को विशाल के पास से कई चिप और उनमें कई महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियोज़ मिले। एक वीडियो में विशाल बंदूक की नोक पर एक महिला के साथ जबरदस्ती कर रहा था। इन सबके आधार पर पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाने में पूछताछ पर विशाल ने अपने दोस्त सुमन मंडल का नाम भी बताया। पुलिस ने सुमन को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं विशाल की मां ने इस मामले में कहा कि उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।