/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2021/09/25/01-1632558670.jpg)
नब्बे की उम्र आते-आते लोग मोह-माया त्याग भगवान की सेवा-पूजा में लीन हो जाते हैं। भौतिक सुखों से दूरी बना लेते हैं। उनके लिए हर नई वस्तु बेमानी सी हो जाती है। सब कुछ दायरे में सिमटकर रह जाता है। कुछ तो शारीरिक परेशानियां, कुछ ऐसी मानसिकता कि वो उस फ्रेम से बाहर आ ही नहीं पाते। उम्र के उस पड़ाव को अंत की मंजिल मान लेते हैं। लेकिन मध्यप्रदेश के देवास निवासी दादी ने उम्र को धता बता ऐसा कमाल कर डाला कि खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनकी तारीफ करनी पड़ी।
उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार देवास के बिलावली गांव निवासी रेशम बाई (90) संयुक्त परिवार में रहती हैं। उनके परिवार में सभी कार चलाते हैं। यही देख उनको भी एक दिन खयाल आया कि उन्हें कार चलाना सीखना चाहिए। बेटे के सामने जब उन्होंने अपनी इच्छा बताई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शुरू में मना भी किया। उम्र का हवाला दिया लेकिन जब वो नहीं मानीं तो परिजनों को रेशम बाई के आगे झुकना पड़ा। जल्द ही उनकी ड्राइविंग की शुरुआत हुई। अच्छी बात यह रही कि बुजुर्ग महिला ने वह कर दिखाया जिसे देखते ही सडक़ पर आने-जाने वाले चौंक जाते। कुछ ही दिन में आलम यह था कि दादी को जो कोई फर्राटे से कार चलाते देखता उन्हें मोबाइल में कैद कर लेता।
उनके कार चलाने के वीडियो पर मप्र के सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट किया और कहा कि दादी मां ने हम सबको प्रेरणा दी है। उम्र का कोई बंधन नहीं होता। उम्र चाहे कितनी भी हो जीवन जीने का जज्बा होना चाहिए। अब सोशल मीडिया में उन्हें ड्राइवर दादी के नाम से पुकारा जा रहा है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |