माउंट एवरेस्ट के बाद कोरोना वायरस दुनिया की 7वीं सबसे ऊंची चोटी धौलागिरी तक भी पहुंच गया है। खबर है कि हाल ही पहाड़ पर स्थित कैंप से निकाले गए कम से कम 19 लोगों में से 7 लोगों में कोविड की पुष्टि हुई है। 

इसके अलावा लक्षण नजर आने के बाद 12 अन्य लोगों की जांच भी की जानी है। बीते अप्रेल में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की तैयारी कर रहे नॉर्वे के एक पर्वतारोही को कोरोना वायरस ने अपना शिकार बनाया था। गौरतलब है कि धौलागिरी दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट के पश्चिम में 345 किमी की दूरी पर है। पोलैंड के एक पर्वतारोही पावेल मिखाल्स्की के मुताबिक, एवरेस्ट से भी अप्रैल के बाद पॉजिटिव आने पर 30 लोगों को बेस कैंप से निकाला गया है।

वहीं भारत की बात करें तो देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 4,14,188 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं इस महामारी से इस दौरान 3915 लोगों की मौत हो गई। इन नए मामलों के साथ कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढकऱ 2,14,91,598 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 1 मई के बाद यह तीसरी बार है जब भारत में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों की संख्या चार लाख के आंकड़े को पार कर गई। गुरुवार को भारत ने 4,12,262 मामले दर्ज किए गए थे।

भारत में कोविड मामलों की कुल संख्या अब 2,14,91,598 हो गए हैंं। वहीं सक्रिय मामलों की कुल संख्या 36,45,164 है और अबतक 2,34,083 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 3,31,507 लोगों को छुट्टी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 16,49,73,058 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 23,70,298 ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटों में टीके लगाए गए हैं।