नागालैंड की भाजपा यूनिट ने राज्य में फ्रंटलाइन वर्करों के लिए एक नए अभियान की शुरुआत करने का फैसला लिया है। इसके तहत कोहिमा में फ्रंटलाइन वर्करों को एक समय का खाना पार्टी की ओर से दिया जाएगा। नागालैंड की BJP ST मोर्चा द्वारा यह इंतजाम किया जाएगा। प्लान के अनुसार, पहले कोहिमा में फ्रंटलाइन वर्करों के लिए यह सुविधा होगी बाद में राज्य के अन्य हिस्सों के लिए योजना में विस्तार किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वानफोंग कोनयाक ने बताया कि कोहिमा में फ्रंटलाइन वर्करों के लिए एक समय का भोजन की सुविधा 15 मई से शुरू की जाएगी जो लॉकडाउन के समाप्त होने तक जारी रहेगा। 

उन्होंने बताया 'राज्य में बढ़ते संक्रमण के मामलों के बीच नागालैंड सरकार ने 14 से 21 मई तक लॉकडाउन की घोषणा की है। इस प्रोग्राम की शुरुआत कोहिमा की ट्रैफिक पुलिस के साथ की जाएगी। इसके तहत यहां के सफाईकर्मियों व हेल्थवर्करों को शामिल किया जाएगा।' कोनयाक ने जोर दिया कि कोविड मामलों में बढ़ोतरी के कारण फ्रंटलाइन वर्करों की ड्यूटी बढ़ गई है और इस चुनौतीपूर्ण समय में वे पूरे साहस व लगन के साथ इसे निभा रहे हैं। 

नागालैंड की भाजपा यूनिट ने अपने वर्करों को सभी संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है ताकि राज्य की जनता को मदद मिल सके। इस बीच BJP ST मोर्चा ने फ्रंटलाइन वर्करों के बीच भोजन का वितरण शुरू कर दिया है। वहीं यूथ विंग की ओर से रक्त दान व प्लाज्मा देने की गतिविधि शुरू है। साथ ही महिला विंग फेस मास्क का वितरण कर रही है।