आईजोल। मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. आर. ललथंगलियाना (Mizoram Health Minister Dr. R. Lalthangliana) ने बुधवार को कहा कि राज्य में वर्तमान टीकाकरण अभियान में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1.5 लाख बच्चों के टीकाकरण की उम्मीद है। 

देश के बाकी हिस्सों के साथ, मिजोरम ने 3 जनवरी को 15-18 साल के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया था। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, जिला टीकाकरण अधिकारी अपने-अपने जिलों में टीकाकरण योजना बनाएंगे और कुल लाभार्थियों की संख्या 1 लाख से 1.5 लाख के बीच मानी जा रही है। 

देश में कोविड के मामलों में मौजूदा उछाल पर, डॉ ललथंगलियाना ने कहा कि राज्य सरकार का COVID-19 के बढ़ते मामलों के बावजूद अभी तक लॉकडाउन और कड़े प्रतिबंध लगाने का कोई इरादा नहीं है।

इसके बजाय, उन्होंने लोगों से कोविड-उपयुक्त व्यवहार और वर्तमान में सरकार द्वारा लागू किए गए कोविड दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लालजावमी के अनुसार 3 जनवरी को बच्चों के लिए टीकाकरण के शुभारंभ के दिन केवल 28 चयनित लाभार्थियों को ही टीका लगाया गया था।

उन्होंने कहा कि अब तक 15-18 साल के बीच के कुल 446 बच्चों को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है। डॉ लालजावमी ने यह भी कहा कि पिछले साल 16 जनवरी से राज्य में कुल 13.21 लाख खुराकें दी गई हैं और 4 जनवरी तक 7.31 लाख से अधिक लाभार्थियों को कोविड -19 वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। उन्होंने कहा कि 7.31 लाख में से 5.90 लाख को दूसरी खुराक मिल चुकी है।