देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ-साथ गर्मी की शुरुआत होने लगी है। हालांकि, उत्तर पूर्व भारत के कुछ राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 21 से 23 फरवरी के बीच उत्तर पूर्व भारत के इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश में 21 और 22 फरवरी को भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

ये भी पढ़ेंः मणिपुर को जल्द मिलेगा अपना पहला पांच सितारा होटल?, सीएम बीरेन सिंह से मिले ताज समूह के पदाधिकारी


देश की राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, दिल्ली में आज आसमान साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, 22 फरवरी से 26 फरवरी तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं इन दिनों अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच रहेगा।  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री रह सकता है। हालांकि लखनऊ में सुबह के वक्त कोहरा रह सकता है। 

ये भी पढ़ेंः पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, म्यांमार से मणिपुर होकर देश में आ रहे हैं मादक पदार्थ

आनेवाले दिनों में लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं अगर गाजियाबाद की बात करें तो यहां आज न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम तापमान 31 डिग्री रह सकता है। इसके अलावा, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं नॉर्थ पंजाब के हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखा जाएगा।