/fit-in/640x480/dnn-upload/images/2020/12/22/a-1608628908.jpg)
खेल मंत्रालय ने हरियाणा में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021’ में गटका और कलारीपयट्टू सहित चार देशज (स्वदेशी) खेलों को शामिल करने की मंजूरी दी है। इसमें शामिल किये गये दो अन्य खेल मल्लखंब और थांग-ता है। इस फैसले के बारे में खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, ‘भारत में स्वदेशी खेलों की समृद्ध विरासत है और खेल मंत्रालय की प्राथमिकता इन खेलों को संरक्षित, बढ़ावा और लोकप्रिय बनाने की है।'
दुनिया का प्राचीनतम सर्वाधिक वैज्ञानिक युद्ध कला (मार्शल आर्ट) के रूप में मानी जाने वाली कलरिपयट्ट् का विकास केरल में हुआ था। चाट्टम (कूद), ओट्ट्म (दौड़) और मरिचिल (कलाबाजी) जैसी गतिविधियां भी इस युद्धक कला के अभिन्न अंग हैं। तलवार, कटार, भाला, मुग्दर और धनुष-बाण जैसे हथियारों का इस्तेमाल करना भी सिखाया जाता है। बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल भी कलारीपयट्टू के लिए जाने जाते है।
गतका की शुरुआत पंजाब में हुई है और निहंग सिख योद्धा की युद्ध (लड़ाई) की इस पारंपरिक शैली को आत्मरक्षा के साथ-साथ खेल के रूप में भी इस्तेमाल करते है। जुर्म के खिलाफ सिखों की जो मार्शल फौज गुरू गोबिंद सिंह ने तैयार की थी वह अब एक कला बन चुकी है। साल 2015 में गतका के परंपरागत मार्शल आर्ट प्रारूप को पंजाब सरकार ने खेल के रूप में मान्यता दे दी थी।
मलखंब भारत का एक पारंपरिक खेल है, जिसमें खिलाड़ी लकड़ी के एक खंबे या रस्सी के ऊपर तरह-तरह के करतब दिखाते हैं। उन्नीसवीं शताब्दी में पेशवा बाजीराव-II के गुरु श्री बालम भट्ट दादा देवधर ने इस कला को एक नई पहचान दी थी। मलखंब पूरे भारत में खेला जाता है लेकिन यह मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में काफी लोकप्रिय है राष्ट्रीय स्पर्धा है। 1958 में पहली बार नेशनल जिमनास्टिक चैंपियनशिप के तहत मलखंब को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया।
मणिपुर का मार्शल आर्ट थांग-ता, हाल के दशकों में गुमनामी में चला गया था लेकिन खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मदद से इसे फिर से राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। थांग-ता मणिपुर के मीति समुदाय की पारस्परिक मार्शल आर्ट है, जिसे ह्न-लालॉन्ग भी कहा जाता है। थांग का अर्थ 'तलवार' तथा 'ता' का अर्थ 'भाला' से होता है, मणिपुर में युद्ध माहौल में थांग ता नामक मार्शल आर्ट का विकास हुआ। थांग-ता को मणिपुर के अलावा जम्मू-कश्मीर एवं छत्तीसगढ़ में खेल का दर्जा प्रदान किया गया है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |