
नई दिल्ली। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता करन महरा को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेश का नया अध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने राज्य विधानसभा के लिए विधायक दल का नेता तथा उप नेता भी नियुक्त कर दिया है। पार्टी ने यशपाल आर्य को विधायक दल का नेता और भुवन चंद कापरी को उप नेता नियुक्त किया है।
यह भी पढ़े : IPL 2022 के अपने डेब्यू मैच में ही इस खिलाड़ी ने कर दिया कमाल , राजस्थान को दिलाई रोमांचक जीत
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन सभी पदों पर इन नेताओं की नियुक्ति को मंजूरी दी है और नए पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से काम संभालने को कहा है। गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद श्रीमती गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा देने के लिए कहा था।
इससे पहले कांग्रेस ने शनिवार को कर्नाटक और मणिपुर प्रदेश इकाइयों के लिए कई वरिष्ठ पदाधिकारियों की नियुक्ति की। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए 40 उपाध्यक्ष और 109 महासचिव नियुक्त किए गए हैं। डीके शिवकुमार कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। राज्य में अगले साल के मध्य में विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए 14 महासचिव और 15 सचिव नियुक्त किए।
पार्टी ने गत 30 मार्च को मणिपुर के अपने वरिष्ठ नेता केशम मेघचंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद एन लोकेन सिंह ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बदलाव किया गया है।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |