अब देश की राजधानी दिल्ली में भी ओमिक्रॉन (Omicron) का एक मरीज मिला है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी पुष्टि की है और मरीज अभी एलएनजेपी में भर्ती है। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि विदेश से आए 12 लोगों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। जिनमें से 11 लोगों को सामान्य कोरोना है, लेकिन 12वां व्यक्ति ओमिक्रॉन पॉजिटिव है। ये व्यक्ति अफ्रीकी देश तंजानिया से भारत आया था। इस शख्स से जुड़े गए 6 लोगों के सैंपल का भी जीनोम सीक्वेंसिंग कराया गया था।

अब भारत में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 5 मरीज हो चुके हैं। इनमें से दो कर्नाटक, एक गुजरात और एक महाराष्ट्र से हैं। इसके बाद अब पांचवां मरीज दिल्ली में मिला है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि अब तक कुल 17 लोग जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि एलएनजेपी को दिल्ली सरकार ने कोरोना के लिए मुख्य अस्पताल घोषित किया है।