सेंसेक्स पहली बार 50 हजार के पार बंद हुआ और यह आंकड़ा उसने सिर्फ 60 दिन में पार किया है। बीएसई सेंसेक्स 458 अंकों की बढ़त के साथ पहली बार 50255.75 पर बंद हुआ। इंडेक्स ने इस दौरान 50526.39 के रिकॉर्ड स्तर को भी छुआ। इससे पहले इंडेक्स ने इंट्राडे में 21 जनवरी और 2 फरवरी को भी 50 हजार का आंकड़ा पार किया था।

इसी साल 29 जनवरी को इंडेक्स 46285.77 पर बंद हुआ था। इस लिहाज से बीते तीन दिन में इंडेक्स 3969.98 अंक चढ़ा है। इंडेक्स ने 45 हजार से 50 हजार का सफर महज 60 दिनों में तय किया हैए क्योंकि सेंसेक्स 4 दिसंबर को पहली बार 45079.55 पर बंद हुआ था। निफ्टी इंडेक्स 142 अंक ऊपर 14789.95 पर बंद हुआ है। इसने भी 14868.85 का रिकॉर्ड स्तर छुआ।

बाजार में बढ़त की प्रमुख वजह
2021-22 बजट
ज्यादातर मार्केट एनालिस्ट मान रहे हैं कि ओवरऑल बजट शेयर बाजार के लिए पॉजिटिव है क्योंकि इसमें नया टैक्स नहीं लगाया गया है। साथ ही कोरोना सेस की बात भी नहीं हुई जिसकी आशंका से बाजार लगातार 6 कारोबारी दिन से फिसल रहा था।

वैश्विक बाजारों में बढ़त
घरेलू बाजार को वैश्विक बाजारों में बढ़त का भी सपोर्ट मिला। इसमें जापान, कोरिया सहित यूरोपियन और अमेरिकी शेयर बाजार भी शामिल हैं। इसके अलावा अमेरिका में नए कोरोना राहत पैकेज के पॉजिटिव अपडेट का भी असर पड़ा है।

मजबूत घरेलू संकेत
बाजार के दिग्गज शेयर्स ने अच्छी बढ़त के साथ कारोबार किया। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा के शेयर शामिल हैं।