
बॉलीवुड-हॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस (Priyanka Chopra and Nick Jonas) के फैन्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रियंका और निक, दोनों ने ही अपने-अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि सरोगेसी (surrogacy) की मदद से वे पैरेंट्स बन गए हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि बेटा हुआ है या बेटी और बेबी का जन्म कब हुआ, लेकिन एक अमेरिकी वेबसाइट ने दावा किया है कि प्रियंका और निक की बेटी का जन्म शनिवार यानी 15 जनवरी को दक्षिणी कैलिफोर्निया के हॉस्पिटल में हुआ। साइट ने कहा है कि बेटी के नाम के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है।
Nick Jonas and Priyanka Chopra are the proud new parents of a baby girl. https://t.co/gGhf2F2jOT
— TMZ (@TMZ) January 21, 2022
प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने अपने पोस्ट में लिखा है, "हमें इसकी पुष्टि करते हुए काफी खुशी हो रही है कि हम सरोगेसी से पैरेंट्स बने हैं। हम इस विशेष समय में सम्मानपूर्वक आपसे प्राइवेसी की अपील करते हैं क्योंकि हम अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद।" TMZ.com ने सैन डिएगो के पास के एक बीच पर प्रियंका और निक के टहलने की तस्वीर पब्लिश करते हुए दावा किया है कि यह 14 जनवरी की है और दोनों को पता था कि बच्ची के दुनिया में आने का वक्त करीब आ गया है, इसलिए वे पहले से यहां पहुंच गए थे।
कपल के सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हुी बॉलीवुड-हॉलीवुड के सितारे और दोस्त उन्हें बधाई देने लगे। निक के भाई जो जोनस ने प्रियंका और निक दोनों की पोस्ट पर दिल का इमोजी कॉमेंट किया। लारा दत्ता, पूजा हेगड़े और ईशा गुप्ता समेत कई अभिनेत्रियों ने प्रियंका को बधाई दी है। प्रियंका के प्रशंसक इस खबर से कितने खुश हैं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पोस्ट पर पहले ही घंटे में दो लाख से ज्यादा लाइक्स आ चुके थे।
प्रियंका और निक ने एक दिसंबर 2018 को जोधपुर के उम्मेद पैलेस में हिन्दू और ईसाई, दोनों रीति रिवाज से शादी रचाई थी। पिछले साल प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल से जब अपने पति का सरनेम हटा लिया था, तो उसके बाद लोग अनुमान लगाने लगे थे कि उनके बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा और वे तलाक ले सकते हैं। हालंकि, पारिवारिक सूत्रों ने इस तरह की अटकलों को खारिज कर दिया था। ऐसे में बेबी के आने से उनके रिश्तों को लेकर चल रही अटकलबाजी पर पूरी तरह से विराम लग गया है और फैन्स खुश हैं कि प्रियंका और निक का प्यार और परवान चढ़ रहा है।
हाल ही में प्रियंका ने एक हॉलीवुड मैगजीन के दिए इंटरव्यू में निक के साथ परिवार बढ़ाने के संकेत दिए थे, लेकिन किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह इतनी जल्दी होगा। प्रियंका ने मैगजीन से कहा था कि बच्चा मेरे और निक के लिए भविष्य में जीवन का एक अहम हिस्सा होगा और मैं जब कभी परिवार आगे बढ़ाने की प्लानिंग करूंगी तो लाइफ को थोड़ा धीमे आगे बढ़ाना पसंद करूंगी।
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें |