असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखें दिनबदिन नजदीक आती जा रही हैं। पार्टियों ने चुनावी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी नेता और असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल आज (9 मार्च,2021) मजुली सीट से अपना नामांकन करेंगे। उनके साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

सर्बानंद सोनोवाल के सामने कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री राजीव लोचन पेगु की चुनौती होगी। पेगु को कांग्रेस ने मजुली सीट से चुनाव मदैान में उतारा है। हाल ही में कांग्रेस ने अपने 40 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में पेगु को मजुली सीट से उम्मीदवार बताया गया है।

बता दें कि असम की 126 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को होगा। जहां 47 सीटों पर मतदान किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में 39 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण के मतदान की तारीख एक अप्रैल है। वहीं तीसरे चरण का मतदान 6 अप्रैल को होगा। यहां 40 सीटों पर वोटिंग की जाएगी। वहीं वोटों की गिनती 2 मई को होगी।

126 सीटों वाली असम विधानसभा का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है। 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में BJP ने राज्य में 15 साल से सत्तासीन कांग्रेस के शासन को उखाड़ फेंका था। 2016 के चुनाव में बीजेपी को 86 सीटें मिलीं और सर्बानंद सोनोवाल राज्य के मुख्यमंत्री बने।

गौरतलब है कि देश के पांच राज्यों में मतदान होने हैं। जिनमें असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और बंगाल शामिल हैं। इन सभी राज्यों में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच चुनाव होने हैं। इन सभी राज्यों के वोटों की गिनती 2 मई को होगी।