बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में सत्ता से चूक जाने वाले तेजस्वी यादव असम के रण में हैं। उन्होंने असम के तिनसुकिया विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी हीरा देवी चौधरी के पक्ष में रोड शो किया। पहले चरण यानी 27 मार्च को यहां मतदान होने वाला है। इस दौरान तेजस्वी ने असमिया गमछा अपने कांधे पर रखा हुआ था, जिस पर 'नो सीएए' लिखा हुआ था।

असम के पहले चरण में राजद ने तिनसुकिया और तेजपुर से अपना उम्मीदवार उतारा है। ये दोनों सीटें असम के हिंदी बहुल क्षेत्र मानी जाती हैं। यही कारण है कि तेजस्वी यादव मतदाताओं से राजद प्रत्याशी को वोट देने की अपील करने पहुंचे। असम विधानसभा चुनाव में राजद ने कांग्रेस और यूडीएफ के साथ गठबंधन किया है। तेजस्वी ने तिनसुकिया में जनसभा को संबोधित करने बाद ट्वीट भी किया। 

उन्होंने लिखा कि 'तिनसुकिया में जनसभा को संबोधित किया। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 5 वर्षों में असम के साथ वादाखिलाफी कर केवल झूठ और नफरत की खेती को बढ़ावा दिया। सारे विकास कार्य ठप कर दिए। जनहित, जनकल्याण और चहुंमुखी विकास के लिए महागठबंधन असम में 'पांच गारंटी' की घोषणा हर हाल में लागू करेगा।'