कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को असम की रहने वाली नर्सिंग की छात्रा की रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी अनिसुर रहमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी अनिसुर रेप सर्वाइवर को पहले से जानता था। उसने छात्रा का ऐडमिशन कराने में मदद की थी।

उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता आरोपी को पहले से जानते हैं। पीड़िता इसी हफ्ते अपना नर्सिंग का कोर्स शुरू करने के लिए बेंगलुरु पहुंची थे। उन्होंने बताया कि आरोपी भी लड़की को पहले से जानता था। उसी ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने कहा कि हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि छात्रा ने बेंगलुरु पहुंचने के बाद क्या किया था। आशंका है कि इस घटना में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

इस बीच बारपेटा एमपी अब्दुल खालेक ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को पत्र लिखा है। खालेक ने येदियुरप्पा से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा कि पीड़ित छात्रा उनके संसदीय क्षेत्र की है। वह ईस्ट-वेस्ट कॉलेज की छात्रा थी। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक सरकार से आग्रह करता हूं कि मामले में आवश्यक कदम उठाए जाएं और दोषियों को कठोर सजा दी जाए।