असम सरकार ने राज्य में 22000 से ज्यादा पदों पर सरकरी भर्ती का ऐलान किया है। राज्य सरकार, एजुकेशन डिपार्टमेंट में 22000 से ज्यादा रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, राज्य शिक्षा विभाग में बोडो, गारो और हिंदी माध्यमों आदि में नियुक्तियों सहित एक बड़ी भर्ती अभियान शुरू करेगा।

दरअसल, एक कैबिनेट मीटिंग के बाद, असम सरकार ने इस साल राज्य के शिक्षा विभाग में कुल 22,921 रिक्त पदों को भरने की घोषणा की है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।

सीएम ने राज्य में बंपर भर्ती की सूचना अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से दी है। सोशल मीडिया पर साप्ताहिक कैबिनेट बैठक के फैसले की घोषणा करते हुए, उन्होंने लिखा कि, "आज हमारी साप्ताहिक कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों से गोरखा समुदाय को राहत मिलेगी, स्वदेशी लोगों के भूमि अधिकार सुनिश्चित होंगे, शिक्षा विभाग समेत बोडो, गारो और हिंदी माध्यम आदि में नियुक्ति सहित प्रमुख भर्ती अभियान शुरू होगा।"

असम सरकार के नौकरी के आंकड़ों के अनुसार, कुल 22,921 रिक्तियां हैं। 

प्राथमिक शिक्षा विभाग के लिए कुल 10,000 पद

माध्यमिक शिक्षा विभाग में कुल 12,921 पद

कब शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया?

कैबिनेट ने शिक्षा विभाग को एक सितंबर से 22,921 स्वीकृत पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू करने को कहा है। इसके अतिरिक्त, असम में शिक्षा विभाग के तहत एसटी (हिल्स) और बोडो, गारो और मणिपुरी माध्यम संस्थानों में भर्ती के लिए आरक्षित 1,464 नौकरी पदों को भरने के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित की जाएगी।