असम की पूर्व मंत्री अजंता नेओग ने शनिवार को कहा कि वह एक-दो दिन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो जाएंगी। इससे पहले, कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में असम की विधायक अजंता नेओग को शुक्रवार को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया था। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अजंता के निष्कासन को स्वीकृति प्रदान की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को असम में सुरक्षा स्थिति और असम पुलिस द्वारा सुधारों को लेकर की गई विभिन्न पहलों के बारे में शनिवार को जानकारी दी गई। असम पुलिस के महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने गृह मंत्री को कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए उठाए गए कदमों और कोविड-19 महामारी के दौरान पुलिस द्वारा निभाई गई सराहनीय भूमिका के बारे में भी बताया।

महंत ने कहा, 'मैंने असम की सुरक्षा स्थिति और पुलिस द्वारा सुधारों पर की गई विभिन्न पहलों एवं अन्य कोशिशों के बारे में गृह मंत्री को एक प्रस्तुति दी।' बैठक में मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, वित्त मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मुख्य सचिव जिश्नु बरूआ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। यह बैठक, दो स्वायत्त परिषदों-बोडो क्षेत्रीय परिषद और तिवा स्वायत्त परिषद के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने के कुछ दिन बाद हुई है। शाह अभी असम और मणिपुर के दो दिनों के दौरे पर हैं।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमित शाह सोते-जागते उठते-बैठते कांग्रेस की निंदा करते हैं परन्तु जब कांग्रेस के विधायकों को चुराने का वक्त आता है तो वो बिल्कुल तैयार रहते हैं। जो कांग्रेस में सालों से हैं उनकी जरूरत भाजपा को क्यों है? अगर उनको विश्वास है कि उन्हें असम में 100सीटें मिलेंगी।