असम सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियन जमुना बोरो और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियन संजय बोरो को आबकारी निरीक्षक नियुक्त करने का फैसला किया है। सरकार के प्रवक्ता और जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने उन्हें आबकारी निरीक्षक के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया है। मंत्री हजारिका ने कहा कि "उन्हें अर्जुन पुरस्कार विजेता भोगेश्वर बरुआ के जन्मदिन 3 सितंबर को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।"

असम कैबिनेट ने इसी के साथ एक और फैसला, जिसमें राजीव गांधी राष्ट्रीय उद्यान का नाम बदलकर ओरंग राष्ट्रीय उद्यान किया जाएगा। हजारिका ने कहा कि“आदिवासियों और चाय जनजाति समुदाय की मांगों पर संज्ञान लेते हुए, असम कैबिनेट ने राजीव गांधी राष्ट्रीय उद्यान का नाम बदलकर ओरंग राष्ट्रीय उद्यान करने का निर्णय लिया है, "।


 
इन्होंने बताया कि 79.28 वर्ग किमी के क्षेत्र को कवर करते हुए, इसे 1985 में एक वन्यजीव अभयारण्य और 1999 में एक राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था। दरांग और सोनितपुर जिलों में ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर स्थित, राष्ट्रीय उद्यान रॉयल बंगाल टाइगर, इंडियन राइनो, पिग्मी हॉग और जंगली हाथियों जैसे जंगली जानवरों के लिए जाना जाता है।