ढिंग एक्सप्रेस के नाम से पहचाने जाने वाली असम की हिमा दास अब खाकी वर्दी में दिखने वाली हैं। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को अपने कैबिनेट की मीटिंग में 21 साल की हिमा को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) बनाने का फैसला किया। सोनोवाल कैबिनेट ने राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों के क्लास वन और क्लास टू में खिलाड़ियों को अधिकारियों के रूप में नियुक्त करने के लिए खेल नीति में संशोधन किया है। ओलिंपिक के क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ियों को क्लास वन अधिकारी बनाया जाएगा।

हिमा ने 2018 में फिनलैंड में हुई अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर रेस में गोल्ड जीता था। वे ट्रैक इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली देश की पहली एथलीट बनीं थीं। उन्होंने 51.46 सेकेंड में यह रेस पूरी की थी। 20 साल की एथलीट हिमा दास का पिछले साल खेल रत्न के लिए नामित किया गया था। हालांकि, उन्हें यह अवॉर्ड नहीं मिल सका था।

असम के मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘मंत्रियों की बैठक में राज्य ओलिंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व चैंपियनशिप वरिष्ठ के पदक विजेताओं के क्लास वन और क्लास टू ऑफिसर के रूप में नियुक्ति के लिए मौजूदा खेल नीति में बदलाव किया गया है। उप अधीक्षक के रूप में हिमा दास की नियुक्ति की जाएगी।’

भारतीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट करके सोनोवाल के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘शाबाश! मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की अध्यक्षता में असम कैबिनेट ने असम पुलिस में धावक हिमा दास को डीएसपी पद की पेशकश करने का फैसला किया है।’