कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की जिसमें उसकी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया के नाम प्रमुख हैं। पार्टी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, राज्यसभा सदस्य बोरा को गोहपुर से उम्मीदवार बनाया गया है तो सैकिया अपनी वर्तमान सीट नजीरा से चुनाव लड़ेंगे।

असम में कांग्रेस नीत महाजोत (महागठबंधन) में एआईयूडीएफ, बीपीएफ, माकपा, भाकपा और आंचलिक गण मोर्चा शामिल हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी 87 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 मार्च से तीन चरणों के चुनाव शुरू होगा।

इससे पहले आज कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी उम्मीदवारों की सूची में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता नेपाल महतो का नाम भी शामिल है, जो अपनी वर्तमान सीट बाघमुंडी से ही चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस पश्चिम बंगाल में वाम दलों और इंडियन सेक्युलर फ्रंट के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन में बनी सहमति के मुताबिक, कांग्रेस 2016 की तरह इस बार भी 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होगा। राज्य में 27 मार्च, एक अप्रैल, छह अप्रैल, दस अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को अलग-अलग क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे।